जसपुर। फन टीवी न्यूज़
आगामी दीपावली पर्व की तैयारियों को लेकर मंडी समिति जसपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने सभी संबंधित विभागों को पत्र जारी कर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार, दीपावली पर्व के दृष्टिगत नगर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, जल आपूर्ति, अग्निशमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा बाजार की सुव्यवस्था को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके लिए मंडी समिति जसपुर में दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3 बजे बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी जसपुर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जसपुर, थानाध्यक्ष कुण्डा, अग्निशमन अधिकारी जसपुर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड जसपुर, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिशासी अभियंता काशीपुर/जसपुर, नगर पालिका परिषद जसपुर तथा नगर पंचायत महुआडाबरा के अधिशासी अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। उप जिलाधिकारी चौहान ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान नगर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, भीड़-भाड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों से अपेक्षा की है कि वे बैठक में आवश्यक सुझावों के साथ उपस्थित हों ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और हर्षाेल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।




