व्यापार मंडल, रेड क्रॉस सोसाइटी व लकड़ी व्यापार मंडल मिलकर करेंगे आयोजन
जसपुर। फन टीवी न्यूज़
राष्ट्र के महान वैज्ञानिक और भारत के पूर्व राष्ट्रपति मिसाइल मैन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती पर जसपुर में समाजसेवा का बड़ा आयोजन किया जा रहा है। उनके प्रेरणादायी जीवन और मानवता के आदर्शों को स्मरण करते हुए प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल जसपुर, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी तथा लकड़ी व्यापार मंडल जसपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 13 अक्टूबर (सोमवार) को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लकड़ी मंडी, अब्दुल हमीद द्वार के पास लगाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान तथा नगर पालिका अध्यक्ष नौशाद सम्राट होंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह ने समस्त रक्तदाताओं, व्यापारियों और समाजसेवियों से रक्तदान करने की अपील की है। उन्होने कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी की जान न जाए, यही इस शिविर का उद्देश्य है। रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है जो जीवन बचाने का सबसे सुंदर माध्यम बन सकता है। शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारियों, और युवाओं की भागीदारी की संभावना है। उन्होने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस मानवता के उत्सव को सफल बनाने और डॉ. कलाम के सपनों के भारत के निर्माण में अपने योगदान की बात कही।





