आठ छात्राओं और चार छात्रों का जिला टीम में चयन, गोल्ड और ब्रॉन्ज़ मेडल पर किया कब्जा
जसपुर। जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, जसपुर के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड नेटबॉल स्टेट चौंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की आठ छात्राओं और चार छात्रों का चयन ऊधम सिंह नगर नेटबॉल एसोसिएशन की टीम के लिए किया गया था। 8 जून से 10 जून 2026 तक पीएम श्री राजकीय आदर्श कृति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित उत्तराखंड नेटबॉल स्टेट चौंपियनशिप में प्रतिभाग करते हुए जूनियर बालिका वर्ग की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं सीनियर बालक वर्ग की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।





