
जसपुर। फन टीवी न्यूज़
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर मणिकान्त मिश्रा के कुशल नेतृत्व में जसपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने झपट्टा मार गिरोह के दो शातिर बदमाशों असलम उर्फ शाहनवाज और आफान को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो सोने की चेन, 29 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पिछले कुछ महीनों से जसपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुजुर्ग महिलाओं से सोने की चेन लूट की घटनाओं से लोग दहशत में थे। ये बदमाश सुनसान गलियों में घूमकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे और पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट पर टेप लगाकर तथा बाइक पर अलग-अलग रंग की लेमिनेशन शीट चिपकाकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी दीपक सिंह के पर्यवेक्षण में तीन टीमों का गठन किया गया था। चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक सुशील कुमार व उनकी टीम ने लगातार मुरादाबाद, काँठ, बिजनौर, बरेली और रामपुर तक छानबीन की। मुखबिर की सूचना पर कल पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया।पकड़े गए दोनों बदमाशों पर पहले से चोरी, लूट, डकैती, पुलिस मुठभेड़ और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया है और दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो सोने की चेन (क़ीमत करीब ₹1.60 लाख) ₹29,000 नगद (एक नीली अपाचे और एक सिल्वर स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल) एक 12 बोर और एक .32 बोर तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी मणिकान्त मिश्रा ने जसपुर पुलिस टीम की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों के साथ होने वाले अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएग। जसपुर पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के हौसले तोड़ने वाली साबित हुई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह डांगी, आईटीआई थाना प्रभारी कुन्दन सिंह रौतेला, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई सुशील कुमार, संतोष देवरानी व इन्द्र सिंह ढेला, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, गिरीश काण्डपाल, एसओजी कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल, भुपेन्द्र आर्य व वीरेन्द्र रावत के अलावा कांस्टेबल हेमगिरी, अब्दुल मलिक, अरुण कुमार व होमगार्ड दिक्षित शामिल रहे।





