जसपुर ब्लॉक से हुई शुरुआत, 24 विभागों के स्टॉलों पर सैकड़ों लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
जसपुर। फन टीवी न्यूज़।
ग्राम पंचायत भरतपुर के सभागार में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा राज्य मंत्री विनय रोहेला ने की। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार के 24 विभागों द्वारा जनसेवा स्टॉल लगाए गए।कार्यक्रम में पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर एवं जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मंत्री विनय रोहेला ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ दिया जा रहा है और समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। मंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट, 15 लोगों को मनरेगा/जॉब कार्ड और 28 लोगों को श्रम कार्ड वितरित किए। साथ ही लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में 74 आवेदन एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 38 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 316 लोगों की ओपीडी, 65 एक्सरे, 6 आयुष्मान कार्ड, 6 एएनसी तथा एक दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाया गया। समाज कल्याण विभाग में 20 पेंशन आवेदन, एक दिव्यांग बस पास व तीन कृत्रिम अंग वितरित किए गए। कृषि विभाग ने 6 मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाए तथा दो किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभान्वित किया। इसके अलावा डेयरी, मत्स्य, उद्यान, सहकारिता, पंचायती राज, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, राजस्व, सैनिक कल्याण सहित अन्य विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी। पंचायती राज विभाग को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 12 आवेदन मिले और एक प्रमाण पत्र जारी किया गया, जबकि 9 आधार कार्ड अपडेट किए गए। विद्युत विभाग को मिली 7 शिकायतों में से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिला पंचायत सदस्य चन्नी, ग्राम प्रधान अंकुर कुमार, बीडीओ कमलेश कुमार काण्डपाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।




