डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने किया उद्घाटन, युवाओं को एआई की नई तकनीक सीखने का मिलेगा अवसर
जसपुर। फन टीवी न्यूज़।
जसपुर में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में 7-दिवसीय निःशुल्क एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) लर्निंग वर्कशॉप का शुभारंभ किया गया। जसपुर गुरूद्वारे के सामने एडुनेस्ट एकेडमी के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने शिक्षण संस्थान में किया। उन्होने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से जसपुर के युवाओं को एआई की नई तकनीकों को सीखने और समझने के साथ-साथ अपने तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। कार्यशाला में प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न पहलुओं और इसके बदलते तकनीकी दौर में उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने एडुनेस्ट एकेडमी के संस्थापक वली मोहम्मद एवं आर्यन सक्सेना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुरोध को स्वीकार कर जसपुर के युवाओं को एआई की नई तकनीक से परिचित कराने और उन्हें प्रशिक्षित करने की पहल में सहयोग दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक तेजी से बदल रही है और ऐसे में युवाओं के लिए नई तकनीकों की जानकारी हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण है। आवश्यकता है कि जसपुर का युवा भी तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़े और भविष्य की संभावनाओं के लिए स्वयं को तैयार करे। कार्यशाला के आयोजन को लेकर युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, सात दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को एआई से संबंधित उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। मौके पर तरूण गहलौत, डॉ. सुदेश कुमार, सुधीर विश्नोई, दीपक अरोरा, पीयूष सक्सैना, अंकुर सक्सैना आदि मौजूद रहे।





