जसपुर विधानसभा में जनता के बीच पहुंच रहे आजाद समाज पार्टी के संभावित प्रत्याशी नईम प्रधान, बोले विश्वास मिला तो क्षेत्र के विकास को देंगे नई दिशा
जसपुर। फन टीवी न्यूज़।
जसपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भरतपुर में आजाद समाज पार्टी के संभावित प्रत्याशी नईम प्रधान का ग्रामीणों एवं समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान आयोजित नुक्कड़ सभा में समर्थकों ने उत्साह के साथ ‘एक ही नाम, एक ही नाराक नईम प्रधान विधायक हमारा’ के नारे लगाए। ग्रामीणों ने जसपुर विधानसभा के विकास से जुड़ी अपनी अपेक्षाएं सामने रखीं। ग्राम पंचायत भरतपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान नईम प्रधान ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों के दौरान जिन विकास कार्यों की जरूरत रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन पर विश्वास जताती है और उन्हें सेवा करने का अवसर देती है, तो वह क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। नईम प्रधान ने कहा कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आज भी कई बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। क्षेत्र के लोगों को रोडवेज बस अड्डे, बेहतर सड़क व्यवस्था, नियमित बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, खेल सुविधाओं और बेहतर चिकित्सा सेवाओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने रोडवेज बस अड्डे की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से आम जनता, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा। इसी तरह क्षेत्र में स्टेडियम एवं खेल सुविधाओं के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। भरतपुर में आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। ‘नईम प्रधान विधायक हमारा’ के नारों के बीच कार्यक्रम ने क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा को बढ़ावा दिया। नईम प्रधान ने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और आम लोगों की समस्याओं का समाधान ही उनकी प्राथमिकता रहेगी। मौके पर पूर्व प्रधान डॉ. अरविन्द कुमार, अभिषेक, आशीष, विकास, भारत, शाकिब चौधरी आदि मॉजूद रहे।





