करीब दस चिकित्सा केंद्रों की जांच, अन्य को नोटिस जारी; झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
जसपुर। फन टीवी न्यूज़
जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जसपुर क्षेत्र में अपंजीकृत चिकित्सालयों एवं झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान चलाते हुए छापेमारी की। अभियान के दौरान करीब दस चिकित्सा केंद्रों का निरीक्षण कर उनके दस्तावेजों एवं चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। छापेमारी के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो चिकित्सालयों को सील कर दिया, जबकि अन्य संबंधित चिकित्सा केंद्रों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अभियान में एसीएमओ डॉ. हरीश पांडे, डॉ. डी.एम. गहलोत तथा डॉ. जितेंद्र पंकज सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम शामिल रही।

टीम ने संबंधित चिकित्सालयों में पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक मानकों की जांच की। नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने जिले में संचालित अपंजीकृत चिकित्सा केंद्रों एवं झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उनके निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अपंजीकृत चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




