ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

हरेला पर्व पर जसपुर में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में 101 पौधों का हुआ वृक्षारोपण

हर पौधे पर लगाई गई पौधारोपणकर्ता की नेम प्लेट, एक वर्ष तक देखभाल का लिया संकल्प

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जसपुर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय हरगोविंद प्रसाद सिंघल खेल मैदान में कुल 101 पौधे रोपे गए। इस अभियान की विशेष बात यह रही कि प्रत्येक पौधे पर उसे लगाने वाले व्यक्ति के नाम की नेम प्लेट लगाई गई, ताकि वह व्यक्ति कम से कम एक वर्ष तक अपने पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित कर सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि पर्यावरण को सुरक्षित रखना है तो प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलित रहेगा, प्रदूषण में कमी आएगी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हराभरा वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर व्यापार मंडल, पूर्व सैनिक एवं समाजिक संगठन नगर के पत्रकारो सहित विभिन्न समुदायों के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!