ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जसपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुलिस प्रशासन का पुतला

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित रैली के दौरान वाहनों को रोके जाने के मामले में नैनीताल पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में बुधवार को जसपुर में कांग्रेस विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान विधायक आदेश चौहान ने आरोप लगाया कि खड़गे की रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बसों को नैनीताल पुलिस ने रास्ते में रोककर व्यवधान पैदा किया था। विधायक ने कहा कि इसी मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नैनीताल एसएसपी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनके मुताबिक एसएसपी उनसे मुलाकात किए बिना कार्यालय से चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब इस पूरे मामले को दूसरा रूप देने का प्रयास किया जा रहा है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। आदेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कथित कार्रवाई के विरोध में पार्टी सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज करा रही है। इसी क्रम में जसपुर में पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष मौ. नाजिम, सुखदेव सिंह, सुभाष शर्मा, शैलेन्द्र गहलौत, मुजाहिद, आफताब, मजनू, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!