ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

नवनियुक्त CMO डॉ. एस.के. गोस्वामी ने किया CHC जसपुर का औचक निरीक्षण

मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक, अस्पताल के अपग्रेडेशन पर दिया जोर
चिकित्सकों को बाहर से दवा-जांच लिखने से बचने और समय पर ड्यूटी पहुंचने के दिए निर्देश

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
उधम सिंह नगर के नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का मुआइना किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों और उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। साथ ही चिकित्सालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. गोस्वामी ने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें आवश्यक दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध हो रही हैं या नहीं और उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि अस्पताल में जहां कहीं भी कमी नजर आए, उसे चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों एवं विभागों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना।

सुधार कार्यों की सराहना

डॉ. गोस्वामी ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत के नेतृत्व में पिछले कुछ समय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में किए गए सुधार कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में पहले की अपेक्षा सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, लेकिन मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक के समक्ष स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार का लक्ष्य रखा।

बढ़ती ओपीडी को देखते हुए अपग्रेडेशन पर जोर

सीएचसी जसपुर में भर्ती मरीजों के साथ-साथ प्रतिदिन बढ़ रही ओपीडी को देखते हुए सीएमओ ने अस्पताल के अपग्रेडेशन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आबादी और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में अस्पताल में सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जाना जरूरी है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकें।

बाहर से दवा-जांच लिखने से बचने के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से जांच अथवा दवाइयां लिखने से यथासंभव बचा जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध सरकारी संसाधनों और सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, जिससे मरीजों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर चिकित्सालय में उपस्थित रहने तथा अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

सप्ताह में एक दिन मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं

सीएमओ डॉ. गोस्वामी ने बताया कि काशीपुर से सप्ताह में एक दिन सर्जन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं देंगे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और उन्हें छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से काशीपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। निरीक्षण के दौरान ।ब्डव् डॉ. एस.पी. सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.एम. गहलोत सहित अर्पित, आशू, जितेंद्र, संयम, अविरल, कीर्तिका, नेहा, राहुल, साजिद, गोपाल, ममता, शेर सिंह, शारदा, भीम, रामनिवास एवं शालिनी सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!