ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

जसपुर में पंजाबी समाज को पाकिस्तानी कहने पर कानूनी कार्रवाई की मांग

उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने प्रेस वार्ता कर जताया कड़ा विरोध, कानूनी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

जसपुर। पंजाबी समाज को कथित तौर पर पाकिस्तानी कहे जाने के बयान को लेकर उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने कड़ा विरोध जताया है। जसपुर में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के कुमाउ सचिव, जिलाअध्यक्ष व नगर अध्यक्ष ने महासभा पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर बयान देने वाली आकांक्षा नेगी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। महासभा के नगर अध्यक्ष सतीश अरोरा ने कहा कि आकांक्षा नेगी के बयान से पूरा पंजाबी समाज आहत है। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज का देश के इतिहास और विकास में गौरवशाली योगदान रहा है। समाज ने समय-समय पर देश और समाज की रक्षा के लिए संघर्ष किया है तथा विभाजन के दौरान भी पंजाबी समाज ने भारी पीड़ा और विस्थापन का दंश झेला। जिला अध्यक्ष त्रिलोक अरोरा ने कहा कि पंजाबी समाज को इस तरह अपमानित करने का किसी को अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पित और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले पंजाबी समाज के लोगों पर इस तरह की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आकांक्षा नेगी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। महासभा के कुमाऊं सचिव हरिओम सिंह ने चेतावनी दी कि यदि आकांक्षा नेगी के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो उत्तराखंड का पंजाबी समाज आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर समाज के लोग आमरण अनशन तक करेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को सम्मान और गरिमा के साथ रहने का अधिकार देता है। देशभक्त पंजाबी समाज को अपमानित करने वाली किसी भी टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। महासभा ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

error: Content is protected !!