ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

जसपुर विधायक आदेश चौहान ने सैकड़ों आशा वर्करों व भोजनमाताओं को किया सम्मानित

हीरा गार्डन में आयोजित सम्मान समारोह में उठी मानदेय बढ़ाने की मांग,
विधायक ने विधानसभा में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
हीरा गार्डन में जसपुर विधानसभा क्षेत्र की आशा वर्करों एवं भोजनमाताओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान ने विधानसभा क्षेत्र की सैकड़ों आशा वर्करों और भोजनमाताओं को सूट भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी सभा को संबोधित करते हुए महिलाओं के योगदान और उनकी समस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में आशा वर्करों एवं भोजनमाताओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। उन्होंने अपने मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने की मांग उठाते हुए कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को जिम्मेदारी के साथ निभा रही हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय मिल रहा है। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उनके द्वारा जसपुर विधानसभा क्षेत्र की करीब 600 आशा वर्करों एवं भोजनमाताओं को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर और भोजनमाताएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य तथा विद्यालयों से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उनकी समस्याओं और मानदेय बढ़ाने की मांग को वह विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तक उनकी मांगों को पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को सदन में रखा जाएगा। वहीं, सम्मानित आशा वर्करों और भोजनमाताओं ने विधायक आदेश चौहान द्वारा दूसरी बार सम्मानित किए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह सम्मान दिए जाने से उनका उत्साह बढ़ा है। महिलाओं ने कहा कि जसपुर में इस प्रकार आशा वर्करों और भोजनमाताओं को सम्मानित करने का कार्य पहले किसी ने नहीं किया। मौके पर वरूण चौधरी, शैलेन्द्र गहलौत, मौ0 नाजिम, सुभाष शर्मा, इख्तियार बब्लु, आफताब आलम, मोइनु, मुजाहिद, राजकुमार चौहान, सर्वेश चौहान, हिमांशु, राहुल, अभिषेक आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!