सुसज्जित रथ पर विराजमान रहे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और महर्षि विश्वामित्र के दिव्य स्वरूप; अखाड़ों में युवाओं ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
जसपुर। फन टीवी न्यूज़
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात नगर में पूरे हर्षाेल्लास और श्रद्धाभाव के साथ निकाली गई। राम बारात में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया और भगवान श्रीराम की आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की। बुधवार की शाम राम बारात का शुभारंभ ठाकुर मंदिर से पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इस दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने मंदिर के महंत बाबा भगवत दास महाराज से आशीर्वाद लिया। इसके बाद बैंड-बाजों और जय श्रीराम के जयकारों के बीच बारात नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। बारात में सुसज्जित भव्य रथ पर भगवान श्रीराम, अनुज लक्ष्मण और महर्षि विश्वामित्र के दिव्य स्वरूप विराजमान थे। आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर के प्रमुख अखाड़ों के युवाओं ने विभिन्न करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित किया। बारात के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। राम बारात नगर के मुख्य बाजार से होते हुए पतरामपुर रोड स्थित बड़े शिव मंदिर पहुंची। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर रामलीला कमेटी अध्यक्ष सौरभ कुमार गर्ग, चौधरी मान सिंह, कैलाश मित्तल, विपलेश गुप्ता, विमल तिवारी, मुनेश, राजीव अग्रवाल, निकेश अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, विनोद, नीरज चौधरी, विनोद अरोरा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।





