जसपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल में योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने योग दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखा गया था, जिसे 11 दिसंबर 2014 को पारित किया गया। इसके बाद से प्रतिवर्ष 21 जून को विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।

योग शिक्षिका श्रीमती रचना अरोरा ने योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के क्रीड़ा विभाग प्रमुख अमित घिल्डियाल ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय के प्रबंधक श्री सनप्रीत सहोता ने योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया गया।





