ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

जसपुर नगर पालिका में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का औचक निरीक्षण, गैरहाजिर अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को नगर पालिका परिषद, जसपुर का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें कुछ कर्मचारी ऐसे भी मिले जो कई दिनों से कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। वहीं, कार्यालय परिसर में मदिरापान से संबंधित सामग्री मिलने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या कार्यालय की गरिमा के प्रतिकूल आचरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य संस्कृति सुनिश्चित करना अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व है। मंत्री ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की नियमानुसार जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति जवाबदेही सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। यदि कोई अधिकारी अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के औचक निरीक्षण से नगर पालिका में पूरे दिन हड़कंप का माहौल रहा। कर्मचारियों में भी निरीक्षण को लेकर चर्चा बनी रही।

Leave a Comment

error: Content is protected !!