ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा ने लगातार दूसरी बार जीती ब्लॉक चौंपियनशिप

विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, छह खिलाड़ियों ने हासिल की व्यक्तिगत चौंपियनशिप

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
भारतीय विद्यालय खेल महासंघ के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार ओवरऑल चौंपियनशिप पर कब्जा किया। प्रतियोगिता की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। ओवरऑल चौंपियनशिप के साथ ही सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कई व्यक्तिगत चौंपियनशिप भी अपने नाम कीं।
सीनियर बालक वर्ग में रचित, सीनियर बालिका वर्ग में जीनत परवीन, जूनियर वर्ग में हिमांशु व सागर कुमार तथा सब-जूनियर वर्ग में सागर कुमार व यामिनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर व्यक्तिगत चौंपियनशिप हासिल की। समापन समारोह में ओवरऑल एवं व्यक्तिगत चौंपियनशिप हासिल करने वाले खिलाड़ियों सहित विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को शील्ड, ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
ब्लॉक खेल समन्वयक केशव सिंह ने बताया कि राउमावि पतरामपुर के खेल मैदान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। सीनियर बालक वर्ग की चक्का क्षेपण स्पर्धा में मोहम्मद अमान ने स्वर्ण, मोहम्मद सादिक ने रजत और अर्शदीप ने कांस्य पदक हासिल किया। भाला फेंक में अर्शदीप विजेता रहे। बालिका वर्ग की चक्का फेंक में दीपिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 चक्का फेंक में अमनदीप ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भाला फेंक में हर्ष कुमार ने बाजी मारी। बालिका वर्ग में खुशी, राधा और संजना ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सब-जूनियर बालक वर्ग की चक्का क्षेपण स्पर्धा में सागर कुमार ने स्वर्ण और रोहित ने रजत पदक हासिल किया। बालिका वर्ग में अंजलि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में संजना ने स्वर्ण पदक जीता। बालक वर्ग में नितिन, रोहित और नैतिक ने क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 ऊंची कूद में कौशल विजेता रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग की ऊंची कूद में सुमानी सरिया ने स्वर्ण और लक्ष्मी ने रजत पदक जीता। वहीं नकुल कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की लंबी कूद में जीनत परवीन प्रथम और आलिया परवीन द्वितीय स्थान पर रहीं।सीनियर बालिका वर्ग में पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा की जीनत परवीन ने 100 मीटर, 200 मीटर और लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल कर व्यक्तिगत चौंपियनशिप अपने नाम की। सीनियर बालक वर्ग में फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के रचित ने 3000 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा 800 मीटर में रजत पदक हासिल कर व्यक्तिगत चौंपियनशिप जीती। जूनियर वर्ग में राइका बढ़ियोवाला के हिमांशु ने 100 मीटर, 200 मीटर और लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं पीपीएनटी के सागर कुमार ने 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर व्यक्तिगत चौंपियनशिप अपने नाम की।
सब-जूनियर वर्ग में पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज के सागर कुमार ने चक्का एवं गोला फेंक में स्वर्ण तथा 200 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। यामिनी ने 600 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा 200 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर व्यक्तिगत चौंपियनशिप जीती।

ओवरऑल चौंपियनशिप में महुआडाबरा प्रथम

ओवरऑल चौंपियनशिप में पीएम श्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज महुआडाबरा प्रथम, बीएसवी इंटर कॉलेज द्वितीय तथा पंडित पूर्णानंद तिवारी इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य जयवीर सिंह, ब्लॉक खेल समन्वयक बेसिक सुभाष चंद्र, राजेश चौधरी, अनूप सिंह, संजय वर्मा, नीतू चौधरी, श्वेता सिंह, हरीश चौहान, शमशेर अहमद, तस्लीम अहमद, विवेक सचान, विजय राज सैनी, लता रानी, अलका सक्सेना, हिमांशी, कुसुम डोबरियाल सहित अन्य शिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!