जसपुर। फन टीवी न्यूज़
वन महोत्सव (01 जुलाई से 07 जुलाई, 2026) के अंतर्गत मंगलवार को फाँटो वन परिसर में वन क्षेत्राधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जैव विविधता के संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं वन कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और रोपित पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

वक्ताओं ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। सभी कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वन विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम प्रकृति संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा हरित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।




