ब्रेकिंग न्यूज़ समाचार, ताजा खबर
जसपुर

गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग, विधायक आदेश चौहान ने गन्ना मंत्री से की मुलाकात

जसपुर। फन टीवी न्यूज़
जसपुर विधायक आदेश चौहान ने शुक्रवार को सितारगंज पहुंचकर उत्तराखंड के गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की और किसानों के हित में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग की। विधायक ने गन्ना मंत्री को इस संबंध में मांग पत्र सौंपते हुए किसानों की बढ़ती लागत और गन्ने के मौजूदा मूल्य को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड के तराई क्षेत्र के साथ-साथ हरिद्वार और देहरादून जिलों में बड़ी संख्या में किसान गन्ने की खेती करते हैं। गन्ना किसानों की आय का प्रमुख साधन है, लेकिन पिछले काफी समय से गन्ने के मूल्य में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसके चलते किसानों को लगातार बढ़ती उत्पादन लागत का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक गन्ने के रेट में मात्र 50 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, इसी अवधि में खेती में इस्तेमाल होने वाली खाद के दाम में करीब 19 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। डीजल के दाम भी करीब छह रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। इसके अलावा कृषि कार्यों में लगने वाली मजदूरी में भी काफी इजाफा हुआ है। पहले जहां मजदूरों को करीब 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाती थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 500 रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई है। विधायक ने कहा कि खाद, डीजल, मजदूरी सहित खेती से जुड़े अन्य खर्च लगातार बढ़ने के बावजूद गन्ने के मूल्य में उस अनुपात में वृद्धि नहीं की गई है। इससे किसानों की उत्पादन लागत बढ़ गई है और उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों को अपनी फसल की उचित कीमत नहीं मिलने के कारण खेती करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
आदेश चौहान ने गन्ना मंत्री से मांग की कि किसानों की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति कुंतल किया जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत और बढ़ी हुई लागत के अनुरूप फसल का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को राहत देने के लिए सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। विधायक ने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती से ही कृषि क्षेत्र को मजबूत किया जा सकता है। इस दौरान मुजाहिद प्रधान, शैलेंद्र गहलोत, मो. नाजिम, टिकेन्द्र, अमरजीत सिंह मौजूद रहे।

error: Content is protected !!