जसपुर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के माध्यम से सौंपा
,एससी/एसटी कानून में बिना जांच कार्रवाई पर रोक लगाने की भी उठाई मांग
जसपुर। फन टीवी न्यूज़
स्वर्ण समाज उत्थान समिति जसपुर, ऊधम सिंह नगर की ओर से युवाओं एवं आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के माध्यम से सौंपा गया। समिति ने ज्ञापन में यूजीसी के नियमों को वापस लेने, आरक्षण का आधार आर्थिक करने तथा एससी/एसटी कानून के दुरुपयोग को रोकने की मांग उठाई है। ज्ञापन में समिति ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (न्ळब्) द्वारा लागू किए गए हालिया नियमों पर पुनर्विचार कर उन्हें तत्काल वापस लिया जाए, ताकि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में समानता बनी रहे और सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों की रक्षा हो सके। समिति ने आरक्षण व्यवस्था का आधार आर्थिक करने की मांग करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों के गरीब एवं पिछड़े परिवारों को समान अवसर मिलना चाहिए। आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए इसे आर्थिक आधार पर लागू किए जाने की मांग की गई।
एससी/एसटी कानून में प्राथमिक जांच की मांग
ज्ञापन में एससी/एसटी अधिनियम के संबंध में भी महत्वपूर्ण मांग उठाई गई। समिति ने कहा कि कानून के दुरुपयोग को रोकने तथा निर्दाेष नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी शिकायत पर सीधे एफआईआर दर्ज करने के बजाय पहले निष्पक्ष प्राथमिक जांच किए जाने की व्यवस्था अनिवार्य की जाए। समिति ने प्रधानमंत्री से इन मांगों पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। ज्ञापन में कहा गया कि इन विषयों का युवाओं के भविष्य और सामाजिक समरसता पर सीधा प्रभाव पड़ता है, इसलिए सरकार को इन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। ज्ञापन पर समिति से जुड़े कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हस्ताक्षर किए। मौके पर राजकुमार चौहान, आदित्य गहलौत, और हिर्देश चौहान, नीलकमल मौजूद रहे।




